Tiranga Times

Banner Image

ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो, तीन की मौत, आठ घायल, ड्राइवर को नींद आने से हुआ हादसा

अयोध्या में बृहस्पतिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक अनियंत्रित बोलेरो ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि आठ घायल हो गए।
  • By Tiranga Times
  • Reported By: Admin
  • Updated: December 11, 2025

अयोध्या में बृहस्पतिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक अनियंत्रित बोलेरो ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि आठ घायल हो गए। अयोध्या जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कल्याण भदरसा के पास प्रयागराज हाईवे पर बृहस्पतिवार की भोर में लगभग पांच बजे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर ट्राला से टकरा गई। हादसे में बोलेरो सवार दो महिलाओं समेत तीन की मौत हो गई। जबकि, आठ लोग घायल हो गए। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के मऊगंज निवासी चित्रसेन पटेल (50) परिवार के 10 लोगों के साथ रामलला का दर्शन करने अयोध्या आ रहे थे। वह लोग बोलेरो से बुधवार को निकले थे। बृहस्पतिवार की भोर में लगभग पांच बजे सभी कल्याण भदरसा के पास पहुंचे तो चालक को अचानक नींद लगी और वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राला में भिड़ गया।  हादसे में बोलेरो सवार चित्रसेन की बेटी अंकिता पटेल (25), महेंद्र मणि पटेल की पत्नी मीराबाई (25) व चालक राम यश मिश्रा (50) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, चित्रसेन उनकी पत्नी चंद्रकला (45), बेटा तनुज पटेल (20) व दीपक कुमार पटेल (35), सरोज मणि पटेल की पत्नी कुसुम (35) और बेटा आशीष पटेल (23), हरिकेश का पांच साल का बेटा शिवांश पटेल व पत्नी शशि पटेल (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर आई पूराकलंदर पुलिस ने घायलों को तीन एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घायलों का इलाज चल रहा है। दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है। 

Breaking News:

Recent News: