आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की उत्सुकता क्रिकेट प्रेमियों के बीच देखते ही बन रही है। 19 फरवरी से शुरू होने जा रहे टूर्नामेंट में फैंस के बीच सबसे ज्यादा क्रेज भारतीय टीम का दिख रहा है। रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम 20 फरवरी को अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ करेगी।बहरहाल, चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय टीम की नई जर्सी लांच हुई, जिसमें पाकिस्तान का नाम छपा हुआ दिख रहा है। याद दिला दें कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी पाकिस्तान कर रहा है, लेकिन भारत अपने सभी मुकाबले दुबई में खेलेगा। भारतीय टीम सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में मैच नहीं खेल रही है।रोहित-जडेजा में हुई नंबर्स की लड़ाई
बीसीसीआई ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा कार में बैठे हुए नजर आ रहे हैं। दोनों नई जर्सी पहने फोटोशूट सेशन में जाते हुए नजर आए। इस दौरान दोनों के बीच नंबर्स को लेकर बातचीत हुई। रोहित शर्मा ने याद किया कि आईसीसी टूर्नामेंट के फोटोशूट के लिए यह उनका 17वां टूर्नामेंट हैं।भारतीय कप्तान ने याद किया कि 9 टी20 वर्ल्ड कप, तीन वनडे वर्ल्ड कप, तीन चैंपियंस ट्रॉफी और दो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए उन्होंने जर्सी पहने फोटोशूट कराया। वहीं, जडेजा ने अपने नंबर्स याद किए तो लगभग 14-15 के आस-पास ही पहुंच सके। बातचीत करते हुए दोनों क्रिकेटर्स फोटोशूट के लिए स्टूडियो पहुंच चुके होते हैं।
