बुजुर्ग महिला से नकाबपोश ने की दरिंदगी की हदें पार... दो घंटे जंगल में पड़ी रही बेहोश; लहूलुहान पहुंची घर
यूपी के फतेहपुर में बुजुर्ग महिला से दरिंदगी का मामला सामने आया है। शौच के लिए गई बुजुर्ग के साथ नकाबपोश ने हैवानियत की। पीड़िता दो घंटे तक जंगल में बेहोश पड़ी रही। होश आने पर वह लहूलुहान हालत में घर पहुंची और पड़ोसी को आपबीती सुनाई। फतेहपुर के थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात शौच के लिए गई बुजुर्ग महिला से नकाबपोश युवक ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद महिला बेहोश हो गई और वह दो घंटे तक जंगल में पड़ी रही। होश आने पर लहूलुहान हालत में घर पहुंची और आपबीती पड़ोसी महिला को बताई। पड़ोसी महिला की सूचना पर भट्ठा कर्मी बेटा घर पहुंचा। डायल 112 नंबर पर रविवार सुबह सूचना दी। फाॅरेंसिक और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने खून से सने कपड़े और मिट्टी को साक्ष्य के रूप में एकत्र किया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल लोकेशन के जरिये आरोपी युवक की तलाश में जुटी है। एक गांव निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला घर में अकेली रहती है। महिला के तीन बेटे हैं। एक बेटा बाहर रहता और दो बेटे किशनपुर क्षेत्र में भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। महिला शनिवार रात करीब नौ बजे शौच के लिए गांव से बाहर 500 मीटर दूर जंगल की ओर पुलिया के पास गई थी।
महिला ने बताया कि पुलिया के पास जंगल में एक नकाबपोश युवक ने उसे दबोच लिया और दुष्कर्म किया। इससे वह बेहोश हो गई। करीब दो घंटे बाद लहूलुहान हालत में महिला रात 11 बजे घर पहुंची। पड़ोसी महिला को उसने आपबीती बताई। महिला को थरियांव सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।
अपराध निरीक्षक सुरजीत कुमार ने बताया कि बेटे की शिकायत पर दुष्कर्म की प्राथमिक दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही उसकी पहचान की जाएगी।
सामूहिक दुष्कर्म की जताई जा रही आशंका
ग्रामीणों ने पुलिस से बुजुर्ग महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि महिला के बेहोश होने पर वह घटना की जानकारी भी नहीं दे पा रही थी। खून महिला के कपड़ों, बिस्तर और घर तक फैला था। इससे साफ है कि कई लोगों ने दरिंदगी की होगी। पुलिस को बयान में महिला ने बताया कि वह बेहोश हो गई थी। बेहोश होने के पहले एक ही युवक को देखा था।
