घर में घुसकर मारेंगे, दम है तो मुकाबला करो स्टेटस के बाद हुआ सुधीर का कत्ल
गोरखपुर के पिपराइच में हुए छात्र सुधीर हत्याकांड में आरोपियों के परिजन और रिश्तेदार हिरासत में हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। रिश्तेदार के घर से हत्यारोपी की बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने कुशीनगर और संतकबीरनगर में भी दबिश दी है। गोरखपुर के पिपराइच में छात्र सुधीर की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी की बाइक उसके रिश्तेदार के घर से बरामद कर ली है। आरोपी हत्या के बाद बाइक को अपने रिश्तेदार के घर छिपा गया था। गिरफ्त में आए दो आरोपियों के बयान और निशानदेही के आधार पर पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस अब अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए कुशीनगर और संतकबीरनगर में दबिश दे रही है।
शुक्रवार दोपहर लगभग 1.30 बजे आरोपी विनय ने तीन अन्य साथियों के साथ कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज परिसर में घुसकर खेल मैदान में 11वीं के छात्र सुधीर पर गोली चलाई थी। सुधीर की मौके पर मौत हो गई। पांच घंटे तक बवाल के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा सकी। शनिवार शाम लगभग 5.30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव को एंबुलेंस से पिपराइच लाया गया और परिजनों को दिखाकर रामघाट में अंतिम संस्कार कराया गया। इस दौरान परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते रहे। बताया गया है कि बाइक आरोपी विनय की है और उसने इसे अपने रिश्तेदार के घर छिपाया था। आरोपियों के परिजन और रिश्तेदार फिलहाल हिरासत में हैं। गांव में एहतियातन पुलिस और पीएसी की टीमें तैनात हैं। आरोपियों के घर पर नाराज ग्रामीणों ने तोड़फोड़ की कोशिश की थी, जिससे वहां भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। घटना के बाद रविवार को भी गांव में सन्नाटा पसरा रहा। घटना के बाद पीएससी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी गांव में तैनात हैं। एसडीएम की ओर से पांच प्रमुख मांगों पर कार्रवाई न होने, दो आरोपियों की गिरफ्तारी न होने, एक सदस्य को नौकरी और कृषि भूमि आवंटन जैसी मांगों पर कोई कार्रवाई न होने के कारण ग्रामीणों में आक्रोश है। थाने में मौजूद एसपी नार्थ और सीओ चौरीचौरा ने गांव का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। आरोपियों के मकान और दूसरे टोले में हुई तोड़फोड़ के बाद अभी भी सामान बिखरा हुआ है। आसपास के लोगों ने पुलिस से अनुरोध किया है कि टूटे-फूटे सामान को सुरक्षित कराया जाए। गांव में जारी तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन दोनों सतर्क हैं और सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जीजा के दम पर कूदते हो... घर में घुसकर मारेंगे'
उम्र मत देखिए जनाब, जिगर पूरा सिस्टम हिलाने का रखते हैं...कुछ इस अंदाज में इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट करते समय डायलॉग सुधीर भारती लिखता था। उसे भी नहीं पता था कि एक दिन यही रील मौत की वजह बन जाएगी। 26 दिसंबर को इंस्टाग्राम पर लिखा- अपने जीजा के दम पर कूदते हो। घर में घुसकर मारेंगे। दम है तो मुकाबला करो। इसके बाद चार लड़कों ने कोआपरेटिव इंटर कॉलेज के कैंपस में घुसकर सुधीर पर गोली चला दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहला निशाना चूकने के बाद दो आरोपियों ने सुधीर का हाथ पकड़ लिया, इसके बाद उसके सीने पर एक गोली मारी गई। सूत्रों ने बताया कि सुधीर दिनभर रील बनाता था। इंस्टाग्राम पर 100 से अधिक रील उसने बनाकर शेयर की थी। ग्रामीणों का कहना था कि इंस्टाग्राम पर रील की वजह से सुधीर की हत्या कर दी गई। घर के पास रहने वाला आरोपी ही उसकी जान का दुश्मन बन बैठा। झगड़ा भी इसी इंस्टाग्राम स्टेट्स के बाद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि तीन दिन पहले सुधीर का गांव के इन लड़कों के साथ विवाद हुआ था। दरअसल, गांव में लड़कों के कई गुट हैं, एक दूसरे पर हावी होने के लिए उनके बीच झगड़े भी होते हैं। गांव के ही बड़े-बुजुर्ग इन लड़कों के बीच समझौता करवाते थे। मगर इस बार इन लड़कों के बीच इंस्टाग्राम पर सोशल वार भी चल रहा था। दोनों पक्ष न सिर्फ एक-दूसरे से झगड़ रहे थे, बल्कि एक दूसरे के लिए सोशल मीडिया पर स्टेट्स और पोस्ट भी कर रहे थे। नतीजा ये हुआ कि 26 दिसंबर की सुबह भी सुधीर ने एक स्टेट्स लगाया था। इसमें गालियां लिखी गईं। साथ ही लिखा कि हिम्मत है तो आकर मुकाबला करो। गोरखपुर के छात्र सुधीर भारती (17) की गोली मारकर हत्या के बाद मुंडेरी उर्फ गढ़वा गांव और पिपराइच कस्बे में हालात तनावपूर्ण बने रहे। आरोपी विनय भारती, दयानंद उर्फ छोटू और रोशन के घर-दुकानों में घुसकर नाराज ग्रामीणों ने तोड़फोड़ की। पुलिस बल कम होने से आनन-फानन अतिरिक्त फोर्स को मंगाया गया। इसके बाद मामला शांत हो सका। गोरखपुर की नगर पंचायत पिपराइच में शुक्रवार दोपहर कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज के खेल मैदान में कक्षा 11 के छात्र सुधीर उर्फ भोला (17) की रंजिश में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुधीर अपने चचेरे भाई गोलू को बाइक चलाना सिखा रहा था, तभी वहां पहुंचे हमलावरों ने उसे गोली मार दी। गोलू ने भागकर जान बचाई। वारदात के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को बाइक पर लादकर आरोपी के घर पहुंच गए। वहां जमकर तोड़फोड़ और पथराव किया। इसके बाद हनुमान चौराहे पर सड़क जाम कर दी।
