राहुल गांधी ने सोमवार को सीलमपुर में रैली की. वहीं रिठाला में मकर संक्रांति के कार्यक्रम में शामिल हुए. राहुल की दिल्ली चुनाव में सक्रियता से कांग्रेस का वोट बढ़ता है, तो उसका दिल्ली के परिणाम पर क्या असर होगा?
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अब अपने अभियान में तेज़ी ला रही है. बड़ी बात ये है कि लोकसभा चुनाव साथ लड़ने वाली कांग्रेस अब खुलकर अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ़ उतर आई है. ख़ुद राहुल गांधी अब केजरीवाल पर हमलावर हैं. राहुल गांधी का रिठाला विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले नज़फगढ़ नाला पहुंचना दिल्ली चुनाव के नज़रिए से बेहद अहम साबित हो सकती है. ये बता रही है कि आम आदमी पार्टी को लेकर कांग्रेस की दुविधा अब ख़त्म हो रही है. राहुल गांधी ने केजरीवाल के दावों पर सीधा हमला किया है और उन्हें 'झूठा' करार दिया.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो भी साझा किया. इसमें वो एक गंदे नाले के बगल में पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं. इस पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा, "ये है केजरीवाल जी की ‘चमकती' दिल्ली - पेरिस वाली दिल्ली!" वीडियो को 'साफ करो दिल्ली' हैशटैग भी दिया है.
