Tiranga Times

Banner Image

लौट आओ पापा-चाचा... हमें छोड़कर मत जाओ दादी मां', चिल्लाती रहीं कानूनगो की बेटियां; मुजफ्फरनगर अग्निकांड

मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की वसुंधरा रेजीडेंसी के मकान में आग लगने के दौरान कानूनगो और उनके भाई और मां की मौत हो गई।
  • By Tiranga Times
  • Reported By: Admin
  • Updated: December 31, 2025

लौट आओ पापा-चाचा... हमें छोड़कर मत जाओ दादी मां', चिल्लाती रहीं कानूनगो की बेटियां; मुजफ्फरनगर अग्निकांड

मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की वसुंधरा रेजीडेंसी के मकान में आग लगने के दौरान कानूनगो और उनके भाई और मां की मौत हो गई। तीनों की मौत पर परिवार का रो-रोकर बुरा हाला है। ठहरी नदी किनारे तीनों का अंतिम संस्कार किया गया देवबंद तहसील के कानूनगो अमित गौड़, उनकी मां सुशीला और भाई नितिन गौड़ का शुकतीर्थ में बाणगंगा नदी के किनारे एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। बेटियों की चीख-पुकार सुनकर लोगों की आंखों से आंसू बहने लगे। चिता में मुखाग्नि दी गई तो बेटियां चिल्लाने लगीं लौट आओ पापा-चाचा... हमें छोड़कर मत जाओ दादी मां।

सोमवार को मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की वसुंधरा रेजीडेंसी के मकान में गैस लीक होने के बाद अंगीठी के कारण आग लग गई। कुछ देर बाद ही घर में रखे दो गैस सिलिंडर भी फट गए।  हादसे में देवबंद तहसील के कानूनगो अमित गौड़ (47) उनके भाई नितिन गौड़ (45) और माता सुशीला (70) की मौत हो गई थी। बचाव के लिए पहुंचा पड़ोसी आदित्य राणा भी आग की चपेट में आकर झुलस गया था। दोनों पक्षों की सहमति से पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों को तीर्थ के श्मशानघाट लाया गया। ममेरे भाई अर्पित शर्मा ने दोनों भाइयों और अपनी बुआ की चिता को मुखाग्नि दी। तीन चिताएं जलने लगीं तो ऋचा और उसकी बेटी अक्षिका और आराध्या के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। साथ आई महिलाओं ने किसी तरह तीनों को संभाला।  आंखों से बहते आंसू परिवार की पीड़ा बयान कर रहे थे। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाकियू के मंडल अध्यक्ष योगेश शर्मा, देवबंद तहसील के नायब तहसीलदार राकेश कुमार, राजस्व निरीक्षक संजीव शर्मा, प्रवेश त्यागी और लेखपाल भूपेंद्र ने परिजनों को सांत्वना दी। ऋचा के पिता लोकतंत्र सेनानी प्रेम प्रकाश शाहपुर के सरस्वती शिशु मंदिर में प्रधानाचार्य रहे। अपने परिवार के साथ शाहपुर और बुढ़ाना में रहते थे। सेवानिवृत्त होने के बाद से वह मोरना क्षेत्र के अपने पैतृक गांव वजीराबाद में रह रहे हैं। अंतिम संस्कार के दौरान वजीराबाद के सैकड़ों लोग पहुंच गए। ऋचा उर्फ अन्नु अपनी बेटियों के साथ शुकतीर्थ से मायके चली गई। कानूनगो के दादा हरिशंकर गौड़ स्वतंत्रता सेनानी रहे।  वसुंधरा रेजीडेंसी में हुए हादसे से हर कोई गमजदा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तीनों की मौत की वजह स्पष्ट हो गई। सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि सुशीला की मौत अधिक जलने की वजह से हुई, जबकि कानूनगो अमित और उनके भाई नितिन की मौत की वजह धुएं में दम घुटना आया है। अधिक धुएं के कारण वह कमरे से बाहर नहीं निकले और बुजुर्ग महिला आग से अपना बचाव नहीं कर पाईं।  वसुंधरा रेजीडेंसी में हुए हादसे में झुलसे आदित्य राणा को परिजन बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज से पहले गंगदासपुर ले गए। यहां पट्टी कराने के बाद भाई के आवास पर मेरठ ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि मेरठ में उन्हें डॉक्टर की देख-देख में रखा गया है।
  मृतक अमित गौड़ के मामा कुबेर दत्त शर्मा, तहेरे भाई, नीरज गौड़, देवानंद गौड़, विजय गौड़, तहेरी बहन, मीनू, नीतू व गीता शर्मा समेत अन्य सदस्य पहले भोपा रोड स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। दोपहर को प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे परिवार के साथ शुकतीर्थ चले गए।
  मुजफ्फरनगर की नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की वसुंधरा रेजीडेंसी के एक मकान में रसोई गैस के दो सिलिंडर में धमाके के साथ आग लग गई। जलने और दम घुटने से देवबंद तहसील के कानूनगो अमित गौड़ (47) उनके भाई नितिन गौड़ (45) और मां सुशीला (70) की मौत हो गई। बचाव के लिए पहुंचे पड़ोसी आदित्य राणा आग की चपेट में आकर झुलस गए।  

Breaking News:

Recent News: