राजधानी में बनाया गया कमल के आकार वाला राष्ट्र प्रेरणा स्थल सज गया है।
यहां लगे फूलों और पौधों से बहार छाई है। 25 दिसंबर को पीएम मोदी इसका लोकार्पण करेंगे। राजधानी लखनऊ के बसंतकुंज योजना में 65 एकड़ में बनाए गए कमल के आकार वाले राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। इस समय स्थल पर फूलों की सजावट तेजी से चल रही है। इसके लिए आंध्र प्रदेश, नैनीताल, दिल्ली, पुणे से विशेष सजावटी फूल वाले डेढ़ लाख पौधे मंगाए गए हैं।
वहीं, प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लगी एसपीजी टीम ने सोमवार को पूरे स्थल की जांच की। डॉग स्क्वॉयड ने भी चप्पे-चप्पे की पड़ताल की। सुरक्षा को देखते हुए पूरे आयोजन स्थल को सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी निगरानी में ले लिया है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। ऐसे में आयोजन की तैयारी में कोई खामी न रहे, इसके लिए सीएम योगी ने भी राष्ट्र प्रेरणा स्थल का दौरा किया था। उन्होंने तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए थे। आयोजन में करीब 2000 बसों के आने का अनुमान है। इसके लिए 13 पार्किंगस्थल बनाए गए हैं, जिनमें 2600 बसें और 2000 कारें खड़ी हो जाएंगी। गुलाब, गुलदाउदी, जाफरी, मॉरिगोल्ड पैनसूटिया लाल व पीला, चांदनी, एरिका पॉम, सैल्विया, मैक्सिकन कारपेट ग्रास, माइको कार्पा, मधुकनी आदि के फूल और पौधों से परिसर को सजाया गया है। यहां वार्टिकल गार्डन भी लगाए हैं। जहां प्रतिमाएं लगी हैं, वहां फौव्वारे भी लगाए गए हैं। उसके लिए कमल की आकृति वाली डिजाइन बनाई गई, जिसमें पानी भरा है। उसमें गुलाब डाले गए हैं। हेलीकॉप्टर से आयोजन स्थल पहुंचेंगे पीएम
राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर पीएम हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। आयोजन स्थल पर तीन हेलीपैड भी बने हैं। एसपीजी की टीम ने यहां भी जांच की। हेलीकॉप्टर से पहुंचने से शहर में आवागन प्रभावित नहीं होगा।
