हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल से शनिवार को चेन्नई के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की पहली फ्लाइट ने उड़ान भरी। एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को यहां से फ्लाइट पकड़ने में सुविधा होगी। चेन्नई से उड़ान सुबह 8:30 बजे हिंडन एयरपोर्ट पहुंची। सुबह 9:30 बजे विमान हिंडन से चेन्नई के लिए रवाना हुआ।हिंडन एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक उमेश यादव ने बताया था कि शनिवार को एयर इंडिया की फ्लाइट चेन्नई से सुबह 5:25 बजे उड़ान भरेगी। यह सुबह 8:30 बजे हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेगी। यही फ्लाइट हिंडन एयरपोर्ट से सुबह 9:30 बजे उड़ान भरेगी। यह दोपहर 12:30 बजे चेन्नई एयरपोर्ट पर उतरेगी। हिंडन से चेन्नई का किराया 05 से 12 हजार के बीच है।
इन शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू
अभी तक हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल से गोवा, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, आदमपुर, किशनगढ़, नांदेड़, लुधियाना, बठिंडा के लिए छोटी उड़ानें संचालित की जा रही हैं। गाजियाबाद की कनेक्टिविटी को अन्य शहरों से भी बढ़ाने के लिए लंबे समय से प्रक्रिया चल रही थी।एयरलाइन ने कोलकाता, बेंगलुरु, गोवा और जम्मू समेत कई गंतव्यों के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू की है। इन सेवाओं के शुरू होने से आईजीआई पर भीड़भाड़ कम होने और गाजियाबाद, नोएडा, पूर्वी दिल्ली और आसपास के इलाकों के यात्रियों के लिए सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होने की उम्मीद है।
