Tiranga Times

Banner Image

फील्ड पर अलर्ट रहें अफसर' : मथुरा हादसे के बाद सीएम योगी का आदेश, बोले-कोहरे की लाउडस्पीकर से दें चेतावनी

मथुरा हादसे के बाद सीएम योगी का आदेश
  • By Tiranga Times
  • Reported By: Admin
  • Updated: December 17, 2025

फील्ड पर अलर्ट रहें अफसर' : मथुरा हादसे के बाद सीएम योगी का आदेश, बोले-कोहरे की लाउडस्पीकर से दें चेतावनी

मथुरा में कोहरे के कारण हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को फील्ड में अलर्ट रहने और यातायात सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए हैं। लखनऊ में मथुरा में कोहरे की वजह से यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोहरे और ठंड को लेकर अफसरों को फील्ड में अलर्ट रहने की चेतावनी दी है। उन्होंने सभी मंडलायुक्त, आईजी, जिलाधिकारी, पुलिस, ट्रैफिक और नगर निकायों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनजीवन, यातायात और निराश्रितों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम ने बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि सड़कों, गलियों, हाईवे से लेकर एक्सप्रेसवे तक सुरक्षा इंतजाम चाक-चौबंद रखे जाएं। एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, टीमें तैनात करने, क्रेन और एंबुलेंस को चौबीस घंटे उपलब्ध रखने व टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर से चालकों को कोहरे की चेतावनी देने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब विजिबिलिटी में यातायात प्रबंधन को सुनिश्चित करने और ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि कोहरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर, पेट्रोलिंग और आपात सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। डार्क स्पॉट चिन्हित कर वहां तत्काल बेहतर इंतजाम के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरध और स्टेट हाईवे अधिकारियों के साथ समन्वय कर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं।

 

 

कोई खुले में सोता न मिले

सीएम ने ठंड और शीतलहर के मद्देनजर निर्देश दिया कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोता न मिले। निराश्रितों को रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए, जहां हीटर, अलाव और कंबल की समुचित व्यवस्था हो। गोशालाओं में भी गोवंश को ठंड से बचाने के लिए अलाव और अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।

 

ट्रैवल गाइडलाइन जारी

  1. धुंध के दौरान वाहन की गति निर्धारित सीमा से कम रखें
  2. वाहन की फॉग लाइट का प्रयोग करें और लो-बीम पर हेडलाइट रखें
  3. इमरजेंसी इंडिकेटर्स को चालू रखें
  4. आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें
  5. एक्सप्रेस-वे पर बार-बार लेन बदलने से बचें
  6. ओवरटेकिंग बिल्कुल न करें
  7. यदि कोहरा बहुत घना हो, तो रिस्क न लें
  8. अपने वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर टेप जरूर लगवाएं

 

Breaking News:

Recent News: