जागरण संवाददाता, आगरा। पत्नी और पति की प्रेमिका में जमकर मारपीट हो गई। पुलिसकर्मी चौकी ले गए, वहां भी महिलाओं के बीच मारपीट हुई। चौकी में हंगामा करते हुए महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की की गई। पुलिस ने तीन महिलाओं के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।जीवनी मंडी क्षेत्र में डाकखाने वाली गली में रहने वाले युवक के जगदीशपुरा क्षेत्र की जिम ट्रेनर से प्रेम संबंध हैं। युवक स्टांप वेडर है। बताया गया है कि युवक ने जिम ट्रेनर से भी शादी कर ली है और वह गर्भवती है।
युवक की पत्नी और बहन थी जीवनी मंडी पर
शुक्रवार शाम युवक की पत्नी अपनी बहन के साथ जीवनी मंडी चौराहे पर थीं। तभी वहां प्रेमिका पहुंच गई। पत्नी ने बहन के साथ मिलकर प्रेमिका की पिटाई कर दी। वहीं प्रेमिका ने भी युवक की पत्नी को पीटा। चौराहे पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मामले को शांत कराया और तीन महिलाओं को जीवनी मंडी चौकी पर ले गए। यहां भी महिलाओं के बीच मारपीट हो गई। इस बीच महिलाओं ने हंगामा करते हुए महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की की। इस पर महिलाओं को छत्ता थाने लाया गया। पुलिस ने तीनों महिलाओं पर शांतिभंग की कार्रवाई कर उन्हें महिला थाने भेजा है।
