प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने शुक्रवार को यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का यहां आना दोनों देशों के बीच मजबूत और स्थायी संबंधों का प्रमाण है।
देश के लिए अनूठा सौभाग्य
अपनी संसद में पीएम रामगुलाम ने कहा कि मुझे सदन को यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मेरे निमंत्रण पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनने पर सहमति जताई है। हमारे देश के लिए यह वास्तव में एक अनूठा सौभाग्य है कि हम ऐसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्व की मेजबानी कर रहे हैं, जो अपने व्यस्त कार्यक्रम और हाल ही में पेरिस व अमेरिका के दौरे के बावजूद हमें यह सम्मान दे रहे हैं।
अगले महीने मॉरीशस का राष्ट्रीय दिवस
रामगुलाम ने कहा कि पीएम मोदी हमारे विशेष अतिथि के रूप में यहां आने पर सहमत हुए हैं। मोदी की यात्रा हमारे दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों का प्रमाण है। बता दें कि मॉरीशस अगले महीने अपना राष्ट्रीय दिवस मनाएगा।पिछले साल नवंबर में पीएम मोदी ने नवीन रामगुलाम को मॉरीशस में ऐतिहासिक चुनावी जीत पर बधाई दी थी। पीएम मोदी ने कहा था कि अपने मित्र डॉ. रामगुलाम से गर्मजोशी से बातचीत की और उन्हें ऐतिहासिक चुनावी जीत पर बधाई दी।
